बैल का शिकार करने गांव में घुसा था तेंदुआ, घायलों में दो महिलाएं शामिल; गांव में दहशत का माहौल
नगरी। नगरी क्षेत्र के ग्राम कारीपानी में तेंदुए के हमले से तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घायलों को तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया। वहीं, एक महिला का उपचार नगरी अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ बैल का शिकार करने के लिए गांव में घुसा था। इसी दौरान आवाज सुनकर एक महिला घर से बाहर निकलकर देखने पहुंची, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला को बचाने के लिए पहुंचे दो अन्य लोगों पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए।
घायलों की पहचान सुंदर लाल नेताम (60 वर्ष), पिता मंगला राम नेताम, निवासी ग्राम उजरावन, जो कारीपानी में मेहमान बनकर आए हुए थे, उर्मिला बाई मरकाम (60 वर्ष), पति इतवारी मरकाम, निवासी ग्राम कारीपानी तथा मनाई बाई, पति हीरालाल, निवासी ग्राम कारीपानी के रूप में हुई है।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नगरी अस्पताल ले जाया गया। वहां दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जबकि एक महिला का इलाज नगरी अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। तेंदुए के गांव में घुसकर हमला करने की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है। अब वन विभाग की कार्रवाई और क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा।

