नगरी।घुरावड़। जय शीतला क्रिकेट क्लब घुरावड़ के तत्वावधान में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत नगरी के सदस्य प्रमोद कुंजाम शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत घुरावड़ के सरपंच महेश नेताम ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य मौसमी मांडवी सहित राजेश कश्यप, दरबार सिंह कोर्रम, विमल मांडवी, दिलीप जैन, गोलू देवांगन एवं राकेश नेताम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि प्रमोद कुंजाम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी सद्भाव के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है तथा युवाओं में एकता और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला घुरावंड और कसपुर की टीमों के बीच खेला गया। मैच को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


