गणेश विसर्जन में धुमाल पार्टी से विवाद, तलवार और लाठी लहराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी में विसर्जन जुलूस के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त

धमतरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद कर मारपीट, तोड़फोड़ और हथियार लहराकर दहशत फैलाने के मामले में धमतरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांकरा, नगरी की रूद्राक्ष धुमाल पार्टी के संचालक और उनके साथी धमतरी के बांसपारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। इसी दौरान मराठा पारा मंगल भवन के पास कुछ युवक पहुंचे और अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि रामबाग के पास आरोपियों ने एकजुट होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक तथा धारदार तलवार से दहशत फैलाई। इस दौरान धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट करने और बाजा व वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

मामले की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रितेश पेंदरिया से बेसबॉल स्टिक, जतीश साहू से धारदार तलवार और अमरचंद पटेल से हॉकी स्टिक जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20 वर्ष), निवासी मराठा पारा, धमतरी; जतीश साहू उर्फ डुई (19 वर्ष), निवासी बांसपारा, धमतरी; तथा अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, धमतरी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने, मारपीट करने और हथियारों के जरिए भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

रिपोर्ट: मनीष यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *