SAFEMA/NDPS Act के तहत जिले में पहली बार बड़ी कार्रवाई, मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की।
धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे से अर्जित 35,85,116.51 रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत आरोपियों की संपत्तियों पर शिकंजा कसा गया है।
पुलिस के अनुसार, अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित कर आर्थिक रूप से अपराधियों को कमजोर किया जाएगा।
जांच के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना सिटी कोतवाली की टीम ने आरोपियों के बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा निवेश, वाहन और अचल संपत्तियों का वित्तीय विश्लेषण किया। इसके बाद NDPS Act की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर प्रकरण SAFEMA/NDPSA, मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से संबंधित बैंक खातों, एफडी एवं अन्य निवेशों सहित 12,93,636.76 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी तथा पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित 22,91,479.75 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
दोनों मामलों में सक्षम प्राधिकारी, SAFEMA/NDPSA, मुंबई ने 23 जुलाई 2026 को सुनवाई के बाद फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि करते हुए माना कि संबंधित संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी एवं उससे अर्जित अवैध आय से जुड़ी हैं।
पुलिस ने बताया कि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले से ही NDPS Act के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबारियों पर अब केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और आर्थिक नेटवर्क पर भी लगातार प्रहार किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या संग्रहण जैसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

