373 पौवा अवैध शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल समेत ₹1.33 लाख का मशरूका जब्त

धमतरी। अवैध शराब के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 373 पौवा देशी शराब के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है। जब्त शराब और वाहनों समेत कुल ₹1,33,600 का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 25 अगस्त को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों में कुछ लोग बोरी में अवैध शराब भरकर हटकेशर शराब भट्ठी की ओर से रत्नाबांधा की तरफ जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रत्नाबांधा-हटकेशर शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान भानुप्रताप ध्रुव के कब्जे से 100 पौवा देशी प्लेन और 85 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.84 बल्क लीटर, जिसकी कीमत ₹16,500 बताई गई है, बरामद हुई।

वहीं हेमन्त ग्वाल के कब्जे से 85 पौवा देशी प्लेन और 103 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.30 बल्क लीटर, कीमत ₹17,100 बरामद की गई। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त Honda Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AC 4065 और CG 05 AE 7918 को भी जब्त किया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत ₹50-50 हजार बताई गई है।

पुलिस ने मामले में महेश लछवानी (35), भानुप्रताप ध्रुव (20), मनीष जोशी (48) और हेमन्त ग्वाल (34) को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *