धमतरी में गरिमामय ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, एसपी भावना पांडेय ने किया ध्वजारोहण

वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, पुलिस बल को जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश

शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर एसपी ने सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

धमतरी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।

इस अवसर पर एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसे सदैव स्मरण रखा जाना चाहिए।

अपने संबोधन में उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण समर्पण के साथ आमजन की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में धमतरी पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शहीद परिवारों से की आत्मीय मुलाकात

स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले के शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने शहीद परिवारों की समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा संबंधित शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि पुलिस के वीर शहीदों का बलिदान पूरे पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद परिवार हमारे अपने परिवार का हिस्सा हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए धमतरी पुलिस हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल, डीएसपी श्री भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक श्री विपुल आनंद जांगड़े, मुख्य लिपिक श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, स्टेनो श्री अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *