सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सख्त कार्रवाई, परमिट निरस्तीकरण और लाइसेंस निलंबन की भी तैयारी
धमतरी। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस आम नागरिकों, वाहन चालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर लोगों को लगातार समझाइश दी जा रही है। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। एल्कोमीटर से जांच के दौरान नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इसी कड़ी में यातायात दुर्घटनाओं में कमी लाने और मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने की खतरनाक प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस धमतरी द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए पिकअप वाहनों में यात्रियों को परिवहन करते पाए जाने पर 5 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा प्रत्येक चालक से ₹5,300 के हिसाब से कुल ₹26,500 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी चालकों को भविष्य में मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं ढोने की सख्त चेतावनी दी गई और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
जिन वाहनों पर हुई कार्रवाई
CG 04 CG 7550 – पिकअप
CG 04 KV 0551 – पिकअप
CG 04 CG 9693 – पिकअप
CG 05 X 0113 – पिकअप
CG 04 PG 9640 – पिकअप
पुलिस के अनुसार संबंधित वाहनों के परमिट निरस्त कराने और वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
धमतरी पुलिस की अपील
“यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित बनाएं।”





