धमतरी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 53 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 53 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹2,23,680 बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अर्जुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम धौराभाठा में दबिश दी। घेराबंदी कर पुलिस ने खिलानंद साहू उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष) एवं कमलेश साहू (32 वर्ष) को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया।

जब्त सामग्री

40 पेटी देशी प्लेन “शोले” शराब (1920 पौवा – 345.600 लीटर)

5 पेटी देशी मसाला “शोले” शराब (240 पौवा – 43.200 लीटर)

8 पेटी जम्मू व्हिस्की (384 पौवा – 69.120 लीटर)

कुल 53 पेटी (2544 पौवा) अर्थात लगभग 458 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार यह धमतरी जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी जब्ती कार्रवाइयों में से एक है। मामले में केवल शराब जब्त करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसकी सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *