केरेगांव-गट्टासिली मोड़ पर दर्दनाक हादसा खड़ी क्रूजर से टकराई नगरी फायर ब्रिगेड, 25 वर्षीय कंडक्टर की मौत, चालक गंभीर घायल

नगरी। नगरी से धमतरी की ओर जा रही नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड सोमवार शाम करीब 5 बजे केरेगांव-गट्टासिली मार्ग स्थित खतरनाक मोड़ पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर वाहन से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि अग्निशमन वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय फायर ब्रिगेड वाहन कंडक्टर फलेंद्र साहू पिता चंदर साहू निवासी डीही पारा नगरी चला रहे थे। दुर्घटना में 25 वर्षीय फलेंद्र साहू की मौत हो गई, जबकि चालक राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रूजर वाहन चालक अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर पेशाब करने गया हुआ था। इसी दौरान नगरी की फायर ब्रिगेड अनियंत्रित होकर खड़ी क्रूजर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण व राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय फायर ब्रिगेड वाहन चला रहा व्यक्ति कथित रूप से नशे की हालत में बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल राजू साहू को तत्काल अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

स्थानीय लोगों ने केरेगांव-गट्टासिली मोड़ को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *