7 वे दिन मे दूसरा शव भी बरामद: साहनीखार एनीकट से मिला गुलाल पहरिया का शव

धमतरी । नगरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान लापता हुए फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35 वर्ष) पिता बैशाखु पहरिया का शव सोमवार को नदी से बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ और सिहावा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार खोजबीन के बाद नदी से शव निकालने में सफलता हासिल की।

गुलाल पहरिया अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर सिहावा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया।

सोमवार को सघन खोजबीन के दौरान नदी से गुलाल पहरिया का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे फरसिया गांव में शोक का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि इसी साहनीखार एनीकट में घोटगांव निवासी धनराज तेता (48 वर्ष) भी तेज बहाव में बह गए थे, जिनका शव कुछ दिन पहले एनडीआरएफ और पुलिस ने बरामद किया था। अब उसी स्थान से दूसरा शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लगातार हो रही बारिश और उफनती नदियों के बीच प्रशासन ने लोगों से एनीकट और नदी-नालों के पास नहीं जाने तथा मछली पकड़ने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *