नगरी-गोरेगांव मार्ग पर बड़ा हादसा टला, सेंट्रिंग लकड़ी से लदी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटी

नगरी। नगरी से गोरेगांव की ओर जा रही सेंट्रिंग लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर सड़क पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें लदी लकड़ियां सड़क किनारे दूर-दूर तक बिखर गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय आसपास कोई राहगीर, बाइक सवार या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर में जरूरत से ज्यादा सेंट्रिंग लकड़ी लोड की गई थी। नगरी से गोरेगांव की ओर जाते समय अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों ने देखा कि ट्रैक्टर पूरी तरह एक तरफ पलटी हुई थी और लकड़ियां सड़क पर बिखरी पड़ी थीं।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाद में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता खाली कराने का प्रयास शुरू किया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा कि यदि हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर मौजूद होते तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन भारी वाहन तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के साथ गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच की जाए और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है।

फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को हटाने और सड़क पर बिखरी लकड़ियों को साफ करने का कार्य जारी है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। बड़ी जनहानि टलने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोड वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *