नगरी । इंदू फ्यूचर विंगस फाउंडेशन द्वारा नगरी में संचालित “हमर ठिहा (सियान गुड्डी)” में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन की संचालक इंदु पटेल के पति एवं शिक्षक मनोज पटेल ने अपना 40वां जन्मदिन वृद्धजनों के साथ मनाकर इसे यादगार बनाया।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मनोज पटेल ने वृद्धजनों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों को वस्त्र एवं मिष्ठान भेंट कर नेवता भोज करा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मनोज पटेल ने कहा कि जन्मदिन पर बुजुर्गों के साथ समय बिताना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना उनके लिए विशेष खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान और उनकी सेवा हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों ने मनोज पटेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। स्वतंत्रता दिवस और जन्मदिन के इस संयुक्त आयोजन से “हमर ठिहा (सियान गुड्डी)” में उत्साह एवं उल्लास का माहौल रहा। कार्यक्रम ने सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार का सुंदर संदेश दिया।

