अर्जुनी जंगल में 4 भालुओं का हमला, ग्रामीण के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें

तुमड़ीबहार के दिनेश नेगी पर भालुओं ने किया जानलेवा हमला, साथी मदन नेताम को भी आई चोट

नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के तुमड़ीबहार क्षेत्र में जंगली भालुओं के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। अर्जुनी जंगल में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि चार भालुओं ने ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तुमड़ीबहार निवासी दिनेश नेगी, पिता आत्माराम नेगी, अपने साथी मदन नेताम, पिता पुनाराम नेताम, के साथ अर्जुनी जंगल की ओर गया था। इसी दौरान अचानक चार भालुओं ने दिनेश नेगी पर हमला कर दिया।

हमले में दिनेश नेगी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, उनके साथी मदन नेताम के हाथ के पास भी हल्की खरोंच आने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दिनेश नेगी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जंगल जाने वाले ग्रामीणों में दहशत

अर्जुनी जंगल में भालुओं के हमले की घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगल क्षेत्र में आवाजाही करने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद डीके यादव घायलों के निवास स्थान पहुंचे और वन विभाग को घटना की जानकारी दी। वन विभाग से क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है।

रिपोर्ट – मनीष यादव

धमतरी प्राइम | निष्पक्ष • विश्वसनीय • सबसे तेज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *