उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, कम्पार्टमेंट नंबर 324 से हटाया अवैध कब्जा

गरियाबंद/धमतरी। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतानदी कोर परिक्षेत्र के कम्पार्टमेंट नंबर 324, भूतबेड़ा बिट से अवैध कब्जा हटाया। यह क्षेत्र जैतपुरी ग्राम सीमा से लगा हुआ बताया जा रहा है।

वन विभाग के अनुसार, इस क्षेत्र में ISRO की सैटेलाइट इमेज और ड्रोन सर्वे के माध्यम से करीब 106 हेक्टेयर वन क्षेत्र में कथित अवैध कब्जे तथा लगभग एक लाख पेड़ों की कटाई सामने आई थी। इसके बाद विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

तीन परिक्षेत्रों की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

बताया गया कि उप निदेशक वरुण जैन के नेतृत्व में तीन परिक्षेत्रों की संयुक्त वन विभागीय टीम मौके पर पहुंची और बेदखली अभियान चलाकर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान विभागीय अमले ने मौके पर मौजूद अवैध कब्जे को हटाया।

वन विभाग ने इस मामले में पहले ही 166 कथित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए थे। वहीं, जैतपुरी मामले में 40 लोगों की गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी भी विभाग की ओर से दी गई है।

कोर जोन में अतिक्रमण को लेकर सख्ती

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में वनभूमि पर अतिक्रमण और जंगल को नुकसान पहुंचाने के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाती है। विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

अतिक्रमण हटाए जाने के बाद प्रभावित क्षेत्र में जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण और पौधारोपण के माध्यम से वन क्षेत्र के पुनर्स्थापन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। विभाग का उद्देश्य क्षेत्र में वन आवरण को पुनः विकसित करना और वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास को संरक्षित करना है।

रिपोर्ट – मनीष यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *