सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, शराब के पौवा और 1,000 रुपये नकद बरामद
धमतरी। जिले के दानीटोला स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान में छत की सीमेंट शीट तोड़कर चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में जयेश शर्मा और दानेश्वर बनबेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, चोरी की शराब और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दुकान बंद होने के बाद हुई चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शराब दुकान के मुख्य विक्रेता दुर्गेश सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह जब दुकान खोली गई, तो छत की सीमेंट शीट टूटी हुई मिली। दुकान के अंदर अलमारी भी खिसकी हुई थी। जांच में गल्ले से लगभग 2,400 रुपये नकद तथा विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें और पौवा गायब मिले।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(क) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जयेश शर्मा एवं दानेश्वर बनबेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर व्हाइट रैबिट और सेवन हावर्स ब्रांड की शराब के पौवा तथा 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। नकदी में 20 रुपये के 50 नोट शामिल हैं।
आरोपियों के नाम
1. जयेश शर्मा, पिता घनश्याम शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी सुंदर बाजार, धमतरी।
2. दानेश्वर बनबेर, पिता दिनेश बनबेर, उम्र 25 वर्ष, निवासी बठेना पारा, जेल रोड, गौरा चौरा के पास, धमतरी।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील भी की गई है।

