सड़क पर मची चीख-पुकार: नवागांव-सांकरा मार्ग पर बाइक दुर्घटना में तीन घायल, बुजुर्ग का पैर फ्रैक्चर

नगरी |धमतरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत नवागांव-सांकरा मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 92 वर्षीय बुजुर्ग मेहरू राम सोरी का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दोनों बाइक चालक भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार सांकरा निवासी मेहरू राम सोरी (92 वर्ष) अपने 18 वर्षीय नाती नंदकिशोर के साथ बाइक से महुआ बाहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खल्लारी निवासी दीपक कुंजाम (18 वर्ष) अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से विपरीत दिशा से आ रहा था। नवागांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मेहरू राम सोरी का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके नाती नंदकिशोर और दूसरी बाइक के चालक दीपक कुंजाम को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कुछ समय के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ लग गई और यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *