विशेषज्ञ डॉक्टर, 108 एम्बुलेंस, डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी और आधुनिक लैब सहित स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग; समाजसेवी योगेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन।
कुरूद-धमतरी। ग्राम सिर्री एवं आसपास के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को समाजसेवी योगेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) कुरूद श्री हेमराज देवांगन को जनहित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम सिर्री स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को 24×7 संचालित करने तथा अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि सिर्री एवं आसपास के अनेक गांवों की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आधुनिक उपकरणों के अभाव में गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, सड़क दुर्घटना के घायलों तथा अन्य आपातकालीन मरीजों को कुरूद, धमतरी और रायपुर रेफर करना पड़ता है। इससे उपचार में देरी होती है और मरीजों की जान पर भी खतरा बन जाता है।
समाजसेवी योगेन्द्र देवांगन ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, मेडिकल ऑफिसरों, स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, रेडियोग्राफर सहित आवश्यक स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित एवं स्थायी नियुक्ति की मांग की। इसके अलावा 108 आपातकालीन एम्बुलेंस, CBC सहित सभी आवश्यक रक्त जांच, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे मशीन, सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड), धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर अथवा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, पर्याप्त निःशुल्क दवाइयों, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक उपकरण तथा सर्पदंश, रेबीज, विषाक्तता एवं सड़क दुर्घटनाओं के उपचार की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
योगेन्द्र देवांगन ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य का विषय है। उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और यदि सिर्री सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाता है तो क्षेत्र के हजारों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, किसानों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से इस जनहित अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि शासन एवं स्वास्थ्य विभाग इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिर्री को 24 घंटे संचालित आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा। ज्ञापन सौंपते समय BMO से मांगों पर गंभीरता से विचार कर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध भी किया गया।

