नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका बनाने की मांग तेज, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपा गया आवेदन

जनप्रतिनिधियों ने बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों का दिया हवाला, मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन।

नगरी-धमतरी। नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर मांग-पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्विनी निषाद, शंकरदेव तथा राजा पवार शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगरी नगर पंचायत की आबादी लगभग 20 हजार तक पहुंच चुकी है। साथ ही भौगोलिक दृष्टि से नगरी धमतरी, कांकेर एवं गरियाबंद जिला मुख्यालयों तथा ओडिशा सीमा के मध्य स्थित एक महत्वपूर्ण नगर है। ऐसे में बढ़ती जनसंख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिया जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर पालिका बनने से आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़क विकास सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। इससे नगरवासियों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में नगरी के विकास को नई गति मिलेगी और नगर के सर्वांगीण विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *