ज्योति विद्या जस झांकी फिंगेश्वरी की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र, माता रानी के जयकारों से देर रात तक गूंजता रहा कार्यक्रम स्थल
नगरी। शारदीय नवरात्रि की भक्ति में सराबोर नगरी में इन दिनों आस्था और संस्कृति का अनूठा रंग देखने को मिल रहा है। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में ज्योति विद्या जस झांकी फिंगेश्वरी (छुरा) के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जसगीतों की मधुर धुन, आकर्षक झांकियों और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में कलाकारों ने माता रानी की महिमा का गुणगान करते हुए जसगीत के साथ कर्मा, ददरिया और सुवा गीतों की प्रस्तुतियां दीं। गायक निषाद एवं उनकी टीम ने अपनी गायकी और मंचीय अंदाज से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। भक्ति गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालु भी झूमते नजर आए। माता के जयकारों से कार्यक्रम स्थल देर रात तक गुंजायमान रहा।
लोकसंस्कृति और भक्ति का दिखा संगम
कार्यक्रम में केवल भक्ति संगीत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। नगरी के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और उत्साह ने नवरात्रि महोत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।
नगर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रतिदिन आयोजित हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उत्सव का माहौल बना हुआ है।
आगे भी होंगे भव्य आयोजन, जानिए पूरा कार्यक्रम
नवरात्रि महोत्सव के समापन और विजयादशमी को लेकर समिति ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जारी की है।
19 अक्टूबर, सोमवार: दोपहर 12 बजे हवन एवं पूर्णाहुति होगी। रात्रि 9 बजे से महावीर पारा मानस मंडली, नगरी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
20 अक्टूबर, मंगलवार: रात्रि 9 बजे से माता विसर्जन के अवसर पर एमकेडी अघोरी ग्रुप, सुरडुंग की प्रस्तुति होगी।
21 अक्टूबर, बुधवार: विजयादशमी के अवसर पर शाम 6 बजे रावणभाठा मैदान में नई बस्ती माता सेवादल, नगरी द्वारा आकर्षक आतिशबाजी के साथ रावण वध कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं रात्रि 9 बजे हाईस्कूल मैदान में रायपुर के विवेक शर्मा की स्टार नाइट प्रस्तुति होगी।
महोत्सव समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होकर महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

