नो-पार्किंग में खड़े 22 वाहनों पर कार्रवाई, 38 हजार रुपये का जुर्माना

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर नो-पार्किंग तथा बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

यातायात पुलिस ने रत्नाबांधा-श्यामतराई मार्ग, रत्नाबांधा से जिला अस्पताल मार्ग तथा सिहावा चौक-नहरनाका मार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 22 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

इनमें 12 वाहनों के ई-चालान जारी कर 35 हजार रुपये तथा 10 वाहनों के मैन्युअल चालान कर 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह कुल 38 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में बेतरतीब वाहन खड़े करने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। साथ ही आपात स्थिति में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।

धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। नो-पार्किंग क्षेत्र, मुख्य सड़क, मोड़, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास वाहन खड़ा करने से बचें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस का संदेश: “सड़क आपकी भी है, जिम्मेदारी भी आपकी है। सुरक्षित चलें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रखें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *