पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलिस विभाग में आरक्षक की नौकरी लगाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उतई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2023 में एक युवक को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का भरोसा दिलाकर उसके परिवार से 12 लाख रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने के बाद रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार गुमराह करते रहे।

मामला उतई थाना क्षेत्र के सेलूद का है। सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेमेतरा जिले के अतरिया निवासी उमेश दास मानिकपुरी ने उनके पुत्र विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया था। नौकरी लगवाने के नाम पर उमेश ने कुल 12 लाख रुपये लिए, लेकिन इसके बाद न तो युवक की नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई।

शिकायत मिलने के बाद उतई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

कार्यवाई के दौरान पुलिस ने उमेश दास मानिकपुरी और राजेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से संबंधित बैंक खातों की जानकारी और मोबाइल फोन भी जप्त किए है ।

पूछताछ और जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया । जहां से दोनों को जेल में भेज दिया गया ।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *