धमतरी। साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत थाना नगरी पुलिस द्वारा नगर के जीनियस पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम के नेतृत्व में आयोजित अभियान में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के नए-नए तरीकों के बारे में बताते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, ATM कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम ने बताया कि मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं सतर्क रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना देर किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की समझाइश दी।

