धमतरी में गौ-तस्करी का भंडाफोड़: 10 गायों को कराया मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार; ट्रक समेत 20 लाख का मशरूका जब्त

मरौद टोल प्लाजा के पास कुरुद पुलिस की कार्रवाई, बिलासपुर और कोरबा के रहने वाले हैं आरोपी

धमतरी। जिले में अवैध गौ-तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक छह चक्का ट्रक से 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक और गोवंश सहित कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मरौद टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायों को ठूंस-ठूंसकर और कथित तौर पर बिना पर्याप्त दाना-पानी के परिवहन करते हुए पाया गया। पुलिस को गोवंश को कत्लखाने ले जाए जाने की आशंका भी है। इसके बाद पुलिस ने सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

बिलासपुर और कोरबा के आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38 वर्ष), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर तथा मिथलेश पटेल (22 वर्ष), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

20 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस की कार्रवाई में जब्त सामग्री में 10 गायें, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है, तथा परिवहन में इस्तेमाल किया गया अशोक लीलैंड छह चक्का ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, शामिल हैं। इस तरह कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

धमतरी पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

धमतरी पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *