सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ की युवा मंथन विचार बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

नगरी। सिहावा। सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ, सिहावा क्षेत्र के तत्वावधान में युवा मंथन विचार बैठक का आयोजन श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर, देऊरपारा सिहावा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक में समाज के युवाओं, युवतियों, महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

बैठक में सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों, युवाओं की भूमिका एवं समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री पवन यादव तथा विशेष अतिथि सीजी गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा सर्व यादव समाज के उपाध्यक्ष संतोष यादव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश यादव, श्री राम यादव, कृष्ण यादव, सुरेश यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे।

समाज की एकता और युवा शक्ति पर जोर

विशेष अतिथि सीजी गजेंद्र यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की एकता को मजबूत करने के लिए सुख-दुख के समय एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़ा होना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अपने अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि श्री पवन यादव ने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी साथियों से एकजुट होकर सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

युवाओं को संगठित कर आगे बढ़ाने का संकल्प

बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र से शुरू हुआ यह युवा मंथन आने वाले समय में पूरे छत्तीसगढ़ में युवा एकता, सामाजिक जागरूकता एवं संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बने।

सर्व यादव समाज के मंच के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग और हर साथी को एकता के सूत्र में जोड़कर समाजहित में मिलकर कार्य करने पर भी चर्चा हुई।

युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं को आगे आना होगा। समाज के सामने जब भी कोई समस्या आएगी, युवा साथी मिलकर उसके समाधान के लिए सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज के विकास को नई गति देना संभव नहीं है।

इस अवसर पर गोवर्धन यादव, पूजा यादव एवं महेंद्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के युवाओं को नई दिशा और गति देने के लिए क्षेत्र के प्रत्येक गांव एवं क्षेत्र में जाकर युवाओं को जागरूक और संगठित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवा एकता के माध्यम से सामाजिक बदलाव की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन देवचरण यादव ने किया। अंत में युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित युवा-युवतियों एवं समाज के सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *