नगरी – धमतरी। नगर के वार्ड क्रमांक 13 एवं 14 स्थित गुढ़ियारी तालाब की सफाई के लिए रविवार को वार्ड की महिलाओं ने एकजुट होकर प्रेरणादायक पहल की। लंबे समय से तालाब में फैली गंदगी, जलकुंभी और कचरे को हटाने के उद्देश्य से महिलाओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ वार्ड की युवतियों एवं बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और तालाब को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
सुबह से शुरू हुए इस अभियान के दौरान महिलाओं ने तालाब में फैली जलकुंभी को हटाया तथा तालाब किनारे जमा प्लास्टिक, कचरा और अन्य गंदगी की सफाई की। श्रमदान कर रही महिलाओं ने कहा कि गुढ़ियारी तालाब नगर की पहचान होने के साथ-साथ जल संरक्षण का महत्वपूर्ण स्रोत भी है। तालाब की स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, इसलिए वार्ड की महिलाओं ने स्वयं आगे बढ़कर यह जिम्मेदारी निभाने का निर्णय लिया।
महिलाओं ने बताया कि स्वच्छ तालाब से न केवल पर्यावरण शुद्ध रहेगा, बल्कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ जल स्रोत भी उपलब्ध होगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि तालाब में कचरा एवं प्लास्टिक सामग्री न डालें और इसकी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। महिलाओं ने कहा कि यदि समाज के लोग सामूहिक रूप से आगे आएं तो किसी भी सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
वार्डवासियों ने महिलाओं की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि मातृशक्ति द्वारा किया गया यह श्रमदान समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। महिलाओं की मेहनत और जागरूकता से यह संदेश गया कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी महिलाओं के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे स्वच्छता एवं जनजागरूकता की अनूठी मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष श्री विकास बोहरा, सभापति श्री अश्वनी निषाद, श्रीमती बसंती सोम, लता सोम, प्रमिला सोम, वेदमती पुजारी, पार्वती पुजारी, अनीता सोम, कमितला सोम, इंद्रावती सोम, राखी यादव, गौरी यादव, कुमेश्वरी सोम, कैकई सोम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
