नगरी। नगर के राम नगर वार्ड क्रमांक 03 स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में 7 एवं 8 मई 2026 को भव्य श्री राम दरबार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है तथा आयोजकों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह पावन आयोजन क्षेत्र के प्रतिष्ठित यादव परिवार द्वारा अपने सुपुत्र स्वर्गीय जगेश्वर यादव की पुण्य स्मृति में कराया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
दो दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार 7 मई को सुबह 9 बजे से होगा। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्री राम दरबार मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। विद्वान पंडितों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
इसके बाद शुक्रवार 8 मई को सुबह 9 बजे से पूर्णाहुति एवं हवन पूजन किया जाएगा। वहीं दोपहर 1 बजे से विशाल भोजन प्रसादी (भंडारा) का आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
भजन संध्या में बहेगी भक्ति की धारा
महोत्सव के समापन अवसर पर 8 मई की रात 8 बजे से भव्य भक्ति भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायिका मिथिलेश्वरी सेन एवं उनकी टीम द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
जनप्रतिनिधियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली एवं वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद मिक्की गुप्ता शामिल रहेंगे।
यादव परिवार निभा रहा सक्रिय भूमिका
आयोजन को सफल बनाने के लिए समस्त यादव परिवार पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।
मुख्य आयोजक – विनीत श्रीमती जयबती यादव (माता) एवं लखेश्वरी-हरीश यादव हैं।
इसके साथ ही परिवार के अन्य सदस्य भी आयोजन व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें भोला-सुनीता एवं रमा यादव, कैलाश-कांति यादव, राजू-जीना यादव, परदेशी-जानकी यादव, मनीष-राधिका यादव तथा किशन-रोशनी यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं।
समस्त यादव परिवार ने नगरवासियों एवं क्षेत्र के धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस पावन श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सपरिवार शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें और प्रसादी ग्रहण करें।
