ग्राम पाईकभाटा की सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, पांच पंचों ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

नगरी। ग्राम पंचायत पाईकभाटा की सरपंच उषा नेताम के खिलाफ पंचायत के पांच पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पंचों ने 25 अगस्त 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगरी को लिखित आवेदन सौंपा है।

आवेदन में पंचों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के कार्यों और शासन की योजनाओं के तहत होने वाले विकास कार्यों में पंचों से किसी प्रकार का विचार-विमर्श नहीं किया जाता। पंचों का कहना है कि सरपंच द्वारा अपने पति के साथ मिलकर पंचायत के कार्य किए जा रहे हैं और विभिन्न कार्यों में उनके पति की भी भागीदारी रहती है।

पंचों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में छोटी-बड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए सरपंच से बात करने पर वे जिम्मेदारी नहीं लेती हैं। वहीं, पंचों को सौंपे जाने वाले कार्यों की जानकारी भी उन्हें नहीं दी जाती और मनमाने तरीके से कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।

आवेदन में कहा गया है कि सरपंच की कार्यप्रणाली से पंचगण एवं ग्रामीण असंतुष्ट हैं। इसी के चलते पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पंचों ने एसडीएम नगरी से मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सरपंच उषा नेताम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।

हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों पर सरपंच उषा नेताम का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *