धमतरी – 10 वर्षों से बिस्तर पर जिंदगी काट रहे युवक ने लगाई न्याय और इलाज की गुहार, इच्छा मृत्यु की भी मांग

धमतरी/नगरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवपुर निवासी शशिकांत भरत ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए प्रशासन और सरकार से न्याय तथा बेहतर इलाज की मांग की है। पीड़ित युवक का कहना है कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से बिस्तर पर जीवन जीने को मजबूर है और आर्थिक व शारीरिक परेशानियों के बीच लगातार संघर्ष कर रहा है।

शशिकांत भरत के अनुसार, वह वर्ष 2016 में धमतरी भटगांव आईटीआई में कंप्यूटर प्रशिक्षण की पढ़ाई कर रहा था। उनका दावा है कि 11 नवंबर 2016 को जेठोनी त्योहार की छुट्टी के दौरान अपने गांव लौटते समय दुगली-गजकन्हार मार्ग के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर हालत में छोड़ दिया। उनका कहना है कि इस घटना के बाद उनका पूरा शरीर लकवाग्रस्त (पैरालाइज) हो गया।

पीड़ित के अनुसार, इलाज के लिए उनके माता-पिता ने कर्ज लेकर बड़ी राशि खर्च की, लेकिन आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती चली गई। उनका कहना है कि अब परिवार पर भारी कर्ज का बोझ है और आगे इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा है।

शशिकांत ने आरोप लगाया कि घटना की पुलिस जांच संतोषजनक ढंग से नहीं हुई, जिसके कारण उनके परिवार को मजबूरी में मामला वापस लेना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अलग-अलग स्तरों पर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अब तक राहत नहीं मिल सकी।

युवक ने प्रशासन और सरकार से दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए और दूसरी, उन्हें किसी बेहतर अस्पताल में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने प्रदेश के आम नागरिकों से भी इंसाफ दिलाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *