हत्या की नीयत से हथौड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

धमतरी, 6 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में थाना मगरलोड एवं पुलिस चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जुलाई 2026 की शाम लगभग 5:15 बजे ग्राम हसदा नंबर-1 स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे पीड़ित चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी देवलाल निषाद वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी से पीड़ित पर लगातार हमला कर दिया।

हमले के दौरान पीड़ित ने स्वयं को बचाने का प्रयास किया, जिससे वार सिर पर लगने के बजाय दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा। घटना में पीड़ित को गंभीर चोटें आईं तथा हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु एम्स रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए रक्तरंजित कंक्रीट, नियंत्रण नमूना तथा खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।

विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद की गई। मेडिकल रिपोर्ट में पीड़ित की चोटों को गंभीर तथा फ्रैक्चर होना प्रमाणित किया गया।

उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आरोपी देवलाल निषाद पिता स्वर्गीय सुकलाल निषाद (38 वर्ष), निवासी ग्राम हसदा नंबर-1, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 114/26 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *