एकता महिला समूह के माध्यम से बाजार में बेचा जाएगा प्रसंस्कृत शहद, वन उपज को उचित मूल्य दिलाने की पहल
नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम तुमड़ीबहार में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन के तहत वन उपज के मूल्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्राम सभा तुमड़ीबहार के वन संसाधन प्रबंधन के साथ वन उपज के अभिसरण की प्रक्रिया में एकता महिला समूह को तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए जिला कलेक्टर के माध्यम से शहद प्रसंस्करण मशीन स्थापित की गई है। इसके साथ ही 24 अक्टूबर 2026 को शहद प्रसंस्करण की प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ की गई।
इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अंतर्गत आने वाले कमार जनजाति के परिवारों को उनके द्वारा जंगलों से संग्रहित शहद का उचित मूल्य दिलाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाना है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के आठ गांवों के कुल 104 हितग्राही जंगलों से शहद संग्रहित कर लाते हैं। अब इस शहद को उचित मूल्य पर खरीदकर प्रसंस्करण किया जाएगा। इसके बाद एकता महिला समूह के माध्यम से प्रसंस्कृत शहद का विक्रय किया जाएगा। इससे वन उपज के मूल्य संवर्धन के साथ-साथ महिला समूह की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस पूरी प्रक्रिया में खोज एवं जन जागृति समिति संस्था द्वारा एकता महिला समूह को तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। संस्था के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर समुदाय को जोड़ने, शहद संग्रहण करने वाले हितग्राहियों और प्रसंस्करण कार्य में शामिल महिला समूह के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने में सहयोग कर रहे हैं।
शहद प्रसंस्करण प्रक्रिया के शुभारंभ के अवसर पर शहद संग्रहण करने वाले समुदाय तथा प्रसंस्करण कार्य से जुड़ी महिला समूह की सदस्यों ने जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला सीईओ जयंत नाहटा, ब्लॉक एवं जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों और इस पहल को जमीनी स्तर पर साकार करने में सहयोग देने वाले खोज एवं जन जागृति समिति संस्था के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पहल वन संसाधनों के संरक्षण के साथ स्थानीय समुदाय की आजीविका को मजबूत करने, वन उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने और महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

