एक साथ 4 जगह छापा: नगरी पुलिस का बड़ा एक्शन, शराब कारोबारियों की कमर टूटी

नगरी/धमतरी।

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नगरी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए शराब कारोबारियों पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत एक साथ चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और मौके से 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान 26.66 लीटर अवैध महुआ शराब और ₹4010 की नगद राशि जब्त की गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। नगरी थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर टीम गठित कर सटीक प्लानिंग के साथ एक साथ चारों ठिकानों पर रेड डाली। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

रेड के दौरान पुलिस ने अवैध शराब निर्माण स्थलों का भंडाफोड़ करते हुए मौके पर ही भट्टियों को ध्वस्त किया और भारी मात्रा में लाहान को नष्ट कर दिया, जिससे अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी

बिरझु राम सोनबेर (55 वर्ष) – 10 लीटर कच्ची महुआ शराब

निर्मला नवरंग (45 वर्ष) – 3.5 लीटर शराब व ₹250

लल्लन कुमार नवरंग (61 वर्ष) – 10.160 बल्क लीटर शराब व ₹200

फगनी बाई (45 वर्ष) – 1.3 लीटर शराब व ₹150

चारों आरोपियों (02 पुरुष, 02 महिला) के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस का सख्त संदेश

नगरी पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा और उनके पूरे नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

इस कार्रवाई से साफ है कि नगरी पुलिस अब अवैध शराब के खिलाफ सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाई से जिले में अवैध कारोबार पर बड़ी लगाम लगने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *