भखारा के महावीर चौक में खूनी वारदात, चाकूबाजी से युवक की मौत

बाइक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, बीच-बचाव करने पहुंचे 65 वर्षीय अनु निर्मलकर की चली गई जान

धमतरी। जिले के भखारा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। महावीर चौक में हुए चाकूबाजी की घटना में भखारा निवासी 65 वर्षीय अनु निर्मलकर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत एक बाइक दुर्घटना से हुई। बताया जा रहा है कि मृतक अनु निर्मलकर के बेटे को कुछ युवकों ने अपनी बाइक लेकर कहीं भेजा था। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि उसे शराब लाने के लिए भेजा गया था, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के मुताबिक वापसी के दौरान रास्ते में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बाइक मालिक पक्ष द्वारा बाइक बनवाने के लिए पैसों की मांग की जाने लगी। सूत्रों के अनुसार मृतक पक्ष की ओर से लगभग 5 हजार रुपये भी दिए गए थे, ताकि मामला शांत हो सके, लेकिन इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक लगातार और पैसे की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा। मृतक अनु निर्मलकर ने कथित तौर पर आरोपियों से कहा था कि उनके बेटे को वे लोग खुद बाइक लेकर भेजे थे, वह अपनी मर्जी से बाइक नहीं ले गया था। इसी बात को लेकर विवाद और गहरा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महावीर चौक के पास दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। माहौल इतना गरमा गया कि विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान दो युवकों ने अनु निर्मलकर पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और गंभीर था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल अनु निर्मलकर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही भखारा क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल के आसपास जमा हो गए। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है।

इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। महावीर चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली विवाद किस तरह जानलेवा रूप ले रहे हैं। भखारा की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *