किराना दुकान, मस्जिद और मजार की दान पेटियों में चोरी के साथ मोटरसाइकिल चोरी का भी खुलासा; पुलिस ने नकदी, दान पेटी और बाइक की बरामद
नगरी/सिहावा। धमतरी जिले के सिहावा एवं नगरी क्षेत्र में चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम देने के मामले में फरार आरोपी को सिहावा पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान छोटू सोनवानी (27 वर्ष), पिता फूलसिंग सोनवानी, निवासी स्कूलपारा सिहावा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक दान पेटी, 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 तथा थाना नगरी में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज है। इन मामलों में आरोपी की तलाश की जा रही थी। थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई और उसे हिरासत में लेकर सिहावा थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई चोरी की विभिन्न घटनाओं के संबंध में जानकारी सामने आई।
किराना दुकान, मस्जिद और मजार को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 19 जून 2026 को बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान की पेटी से 19 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 26 अगस्त 2026 को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी तथा 7 अक्टूबर 2026 को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करने की बात भी बताई।
आरोपी ने मस्जिद की दान पेटी से निकाली गई चिल्लर राशि को सिहावा पहाड़ी में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके साथ ही पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने का मामला भी सामने आया। धार्मिक स्थलों की दान पेटियों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय मुस्लिम समुदाय में नाराजगी थी।
निशानदेही पर नकदी और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन एवं निशानदेही पर छिपाकर रखी गई एक दान पेटी, कुल 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को थाना सिहावा के चार अपराधों में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय जेएमएफसी नगरी के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ, सहायक उपनिरीक्षक दुलाल नाथ, प्रधान आरक्षक श्रवण ध्रुव, आरक्षक हरीश कावड़े, आरक्षक प्रमोद गाहड़े एवं डीएसएफ आरक्षक का विशेष योगदान रहा।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, धार्मिक स्थलों की गरिमा और संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


