सरहद पार से चल रहा था नशे का कारोबार, गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो गुर्गों को दबोचा

भिलाई तिराहा में घेराबंदी कर पकड़ी गई तस्करों की कार, 33 किलो गांजा बरामद

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को लगातार दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख 50 हजार रुपए कीमत का 33 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इक्को वाहन, मोबाइल फोन समेत कुल 20 लाख 08 हजार रुपए की संपत्ति जप्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 22 मई 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली गरियाबंद को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी इक्को वाहन क्रमांक UP-32-MK-6731 में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर दो व्यक्ति देवभोग-मैनपुर मार्ग से गरियाबंद की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस टीम ने भिलाई तिराहा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की इक्को वाहन तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर वाहन चालक घबराकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को दो बड़े बैग मिले, जिनमें खाकी रंग के टेप से लिपटे सात पैकेट रखे हुए थे। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जब पैकेटों की जांच की गई तो उसमें अवैध गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई।

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम वीर बहादुर सिंह पिता श्याम बहादुर उम्र 38 वर्ष निवासी पुलिस लाइन अंशिक थाना कोतवाली सीतापुर जिला सीतापुर उत्तरप्रदेश बताया। वहीं दूसरे आरोपी ने अपना नाम शकील सिद्दीकी पिता मोहम्मद गनी उम्र 45 वर्ष निवासी काशीराम कॉलोनी सीतापुर थाना राजकोट जिला सीतापुर उत्तरप्रदेश बताया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध गांजा के साथ एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इक्को वाहन को जप्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख 08 हजार रुपए बताई जा रही है।

प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गांजा तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *