देवभोग/गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा सीमा से गांजा तस्करी कर रहे 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 156 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो चारपहिया वाहनों को भी जप्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार देवभोग थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा बॉर्डर की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और बॉर्डर क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी, तभी दो संदिग्ध कारें तेज रफ्तार में आती दिखाई दीं। पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों के भीतर अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में कुल 156 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करने का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे और संगठित तरीके से नशे की तस्करी को अंजाम दे रहे थे।
देवभोग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई में मुख्य बिंदु
156 किलो अवैध गांजा बरामद
5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
तस्करी में प्रयुक्त दो कारें जप्त
उड़ीसा बॉर्डर से हो रही थी सप्लाई
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी


