धमतरी/दुगली — धमतरी जिले के दुगली वन परिक्षेत्र में दो दंतैल हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों से जंगल से लगे इलाकों में हाथियों की लगातार गतिविधि देखी जा रही है, जिसके बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों हाथी देर रात जंगल से निकलकर गांवों के समीप तक पहुंच रहे हैं। हाथियों की गतिविधि को देखते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई ग्रामीण अब रात के समय खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति न बने।
वन विभाग ने स्पष्ट अपील करते हुए कहा है कि ग्रामीण बिना जरूरत जंगल की ओर न जाएं और हाथियों के करीब जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ लगाने या मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश करना खतरनाक साबित हो सकता है। विभाग ने लोगों से कहा है कि यदि कहीं हाथियों की मौजूदगी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन अमले को दें।
ग्रामीणों को यह भी सलाह दी गई है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, खेतों में रुकने से बचें और बच्चों को जंगल किनारे इलाकों में न जाने दें। वन विभाग द्वारा गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
इधर हाथियों की आमद से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथियों का दल गांव की ओर बढ़ता है तो फसलों और मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है।
वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाथियों की गतिविधि को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



