वर्ष 2019 से फरार अपहरण एवं दुष्कर्म मामले का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, अलीगढ़ से पीड़िता बरामद

शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को ले जाने और शारीरिक शोषण का आरोप, धमतरी पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा

धमतरी। वर्ष 2019 से नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु (33 वर्ष), निवासी ग्राम बुढ़ाँसी, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) को रायपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को सकुशल बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 में एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में गुम इंसान दर्ज किया गया था। मामले में अपराध क्रमांक 71/2019 के बाद वर्तमान अपराध क्रमांक 74/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 363 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पीड़िता के उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की और पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के कथन और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा शारीरिक संबंध बनाने के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 366, 376(2)(i)(n) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। पीड़िता की बरामदगी के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विशेष न्यायालय (FTC), धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली की सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा पांडेय, आरक्षक गजेन्द्र टंडन और महिला आरक्षक मीनाक्षी साहू का विशेष योगदान रहा।

महिला एवं बाल अपराधों पर सख्त कार्रवाई

धमतरी पुलिस ने कहा कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रतिबद्ध है। अपहरण, शोषण और महिला-बाल अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *