पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने राजाराम मंडावी को भेंट की ‘कोसल क्रांतिवीर’ पुस्तक

दुगली रेस्ट हाउस में साहित्यिक एवं ऐतिहासिक विषयों पर हुई चर्चा, वीर नारायण सिंह के परिवार के त्याग और बलिदान की गाथा को समर्पित है पुस्तक

दुगली (धमतरी)। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू सिहावा विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान दुगली रेस्ट हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वयं द्वारा लिखित ऐतिहासिक पुस्तक ‘कोसल क्रांतिवीर’ आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता एवं धमतरी जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष राजाराम मंडावी को सादर भेंट की।

पुस्तक ‘कोसल क्रांतिवीर’ छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के परिवारजनों के देश के प्रति त्याग, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा को समर्पित है। इस पुस्तक के माध्यम से छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सपूतों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

पुस्तक भेंट के दौरान पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू एवं राजाराम मंडावी के बीच क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व, आदिवासी समाज के गौरवशाली योगदान तथा महापुरुषों के त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर चर्चा हुई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और उनके योगदान को संरक्षित रखने के महत्व पर विचार साझा किए।

इस अवसर पर नगरी जनपद पंचायत के सभापति शुभम यदु, वरुण देव नेताम एवं लोकेश कुंजाम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *