भखारा । धमतरी
भखारा के महावीर चौक में 65 वर्षीय बुजुर्ग अन्नु निर्मलकर की हत्या मामले में भखारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या जैसे गंभीर और संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि 06 मई 2026 की रात पुराने लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान अन्नु निर्मलकर पर धारदार चाकू से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद पूरे भखारा क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस ने लगातार दबिश कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू (30 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज है। वहीं हत्या का मुख्य आरोपी शिवम साहू सहित अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
