हाटकेश्वर चौक के पास सड़क हादसा: ई-रिक्शा की ठोकर से बाइक सवार युवक घायल, पैर में फ्रैक्चर

धमतरी। शहर के हाटकेश्वर चौक के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ई-रिक्शा की ठोकर लगने से युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम अमन चंद्राकर है, जो छाती क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है और ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हाटकेश्वर चौक के पास अचानक हुए हादसे में वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी शिवा प्रधान एवं हेमंत प्रधान तत्काल मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक के पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की।

बताया गया कि हादसे की जानकारी सबसे पहले हेमंत साहू, उनके साथी राजू साहू एवं दिलीप द्वारा दी गई, जिसके बाद तुरंत राहत पहुंचाई गई। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल युवक को शीघ्र उपचार मिल सका।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि शहर में ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। नागरिकों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *