धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना मगरलोड पुलिस ने अप्रैल माह में दर्ज गांजा बिक्री प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त एक नगर सैनिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मगरलोड में दिनांक 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 89,930 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर पति-पत्नी आरोपी लाभाराम कुर्रे एवं सुशीला बाई कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
मामले की आगे की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को एक और आरोपी की संलिप्तता के प्रमाण मिले। जांच में सामने आया कि नगर सैनिक महेश सिन्हा (40 वर्ष), निवासी ग्राम पाहंदा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी की भी अवैध गांजा कारोबार में सक्रिय भूमिका थी।
पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महेश सिन्हा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है और प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे नशा तस्करों और उनके सहयोगियों में हड़कंप की स्थिति है।


