धमतरी में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, तीन युवक गिरफ्तार; 15 ग्राम हेरोइन जब्त

सोरिद नगर के शीतला मंदिर के पास बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने की मिली थी सूचना, 3.53 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। वहीं नगदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित कुल 3,53,520 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी (24 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, शुभम सोनी (19 वर्ष), निवासी शंकर नगर तथा आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25 वर्ष), निवासी आमा तालाब रोड, धमतरी के रूप में की है।

नगदी, मोबाइल और तौल मशीन भी जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने 15 ग्राम हेरोइन के अलावा 9 हजार रुपये नगद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और दो लाइटर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3,53,520 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर का नाम आया सामने

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के दौरान कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता से संबंधित जानकारी सामने आई है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई की जा रही है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *