पेडू तालाब में मछलियों की मौत से हड़कंप, जांच और मुआवजे की मांग
नगरी (धमतरी)। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कलेमेटा अंतर्गत ग्राम पेडू के तालाब में मछली पालन कर रही ग्राम समिति को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। मंगलवार से तालाब में लगातार मछलियां मरकर पानी में उतराने लगी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक करीब तीन क्विंटल मछलियों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद समिति के सदस्यों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब में कीटनाशक या अन्य जहरीला पदार्थ डाला गया हो सकता है। ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब के आसपास कीटनाशक जैसा पदार्थ भी पड़ा हुआ दिखाई दिया है। हालांकि, मछलियों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मछलियों के लगातार मरने से मछली पालन समिति को आर्थिक क्षति हो रही है। वहीं, मृत मछलियों के कारण आसपास दुर्गंध फैलने और अन्य परेशानियां होने की बात भी सामने आई है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्राम समिति और ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने तालाब के पानी और मृत मछलियों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
इसके साथ ही समिति को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जल्द जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए, ताकि जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हो सके और समिति को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
इस संबंध में सरपंच रूपेंद्र मरकाम, दयाराम कमार, अशोक मरकाम, देवक निर्मलकर, ग्राम पटेल सियाराम, विष्णु यादव, ग्राम कोटवार देवप्रक्ष एवं देवदास सहित समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

