नगरी। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर एक दिवसीय पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव के नाम एसडीएम कार्यालय नगरी में ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने मांग की कि छत्तीसगढ़ में पूर्व से सेवारत शिक्षकों के सेवा हितों की रक्षा करते हुए उन्हें टीईटी की अनिवार्यता से विधिवत छूट दी जाए। साथ ही वरिष्ठता क्रम के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के तहत रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को समय-सीमा निर्धारित कर जल्द पूरा किया जाए।
फेडरेशन ने मोदी की गारंटी (संकल्प पत्र) के अनुरूप सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का स्थायी समाधान करने की मांग रखी। इसके साथ ही प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व की संपूर्ण सेवा अवधि की गणना करते हुए क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान एवं पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की गई।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि वे शासकीय विद्यालयों में पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उनकी दीर्घकालिक एवं न्यायोचित मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाना आवश्यक है।
पदयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगरी थाना से एसआई इंदल साहू एवं आरक्षक योगेंद्र साहू मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
फेडरेशन ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की है।

