नगरी। नगर के देवपुर स्थित शासकीय आवासीय क्षेत्र GAD कॉलोनी में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया गया। कॉलोनी में खड़ी एक कार को निशाना बनाकर चोरी की कोशिश कर रहे एक शातिर आरोपी को कार मालिक ने मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी देर रात लगभग 2 बजे कॉलोनी परिसर में दाखिल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था और उसने अपने हाथों में दस्ताने पहन रखे थे, जिससे वह पहचान से बच सके। कॉलोनी में खड़ी एक कार को निशाना बनाते हुए उसने पहले स्कूटी की चाबी की मदद से कार का लॉक तोड़ने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी लॉक तोड़ने में सफल हो गया और कार को स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान उसकी चालाकी उस पर ही भारी पड़ गई। स्कूटी की चाबी कार के लॉक में फंसकर टूट गई, जिससे वह वहीं उलझ गया। इसी बीच कार मालिक मौके पर पहुंच गया और उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी को घेर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान केशव लाल गोंड, निवासी ग्राम सेमरा डीहीपारा के रूप में की गई है। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने GAD कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में सुरक्षा के लिए न तो चारदीवारी की उचित व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार की नियमित निगरानी या गश्त की व्यवस्था है।
कॉलोनी में कुल 44 आवासीय ब्लॉक हैं, जिनमें शासकीय कर्मचारी निवास करते हैं। इसके अलावा यह कॉलोनी सिविल कोर्ट के समीप स्थित होने के कारण संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है।
ऐसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील इलाके में इस प्रकार की घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि क्षेत्र में शीघ्र ही चारदीवारी निर्माण, सीसीटीवी कैमरे की स्थापना और रात्रिकालीन गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


