बारिश में धंसी सड़क की पाई, हर गुजरते वाहन के साथ मौत का खतरा

मुख्य मार्ग पर खुला मौत का गड्ढा, हजारों लोगों की जान भगवान भरोसे

धमतरी – नगरी । लगातार बारिश के बीच नगरी-सोंढूर मुख्य मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्य सड़क के किनारे पाई (शोल्डर) का हिस्सा धंस जाने से करीब चार से पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया है। हैरानी की बात यह है कि हादसों से बचाव के लिए यहां कोई सुरक्षा बैरिकेड, संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। केवल कुछ सूखी लकड़ियां डालकर औपचारिकता निभा दी गई है।

यह मार्ग नगरी क्षेत्र को सोंढूर सहित कई गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, दोपहिया वाहन चालक, यात्री वाहन और भारी वाहन गुजरते हैं। बारिश के कारण सड़क और गड्ढे के बीच का अंतर साफ दिखाई नहीं देता, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मार्ग पर कुछ दिन पहले एक पिकअप वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया था। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब सड़क का किनारा लगातार कटता जा रहा है और गड्ढा और भी गहरा होता जा रहा है।

मौके की तस्वीर भी विभाग की लापरवाही की पोल खोल रही है। सड़क के बिल्कुल किनारे बना गहरा गड्ढा किसी भी वाहन का संतुलन बिगाड़ सकता है। विशेष रूप से रात के समय और बारिश के दौरान यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस स्थान पर तत्काल बैरिकेडिंग कर चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

नोट समाचार लिखे जाने तक अधिकारी को संपर्क करने के बाद और व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो वीडियो भेजने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *