मगरलोड पुलिस की कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार; 43,800 रुपये की लूट का मामला
धमतरी। मगरलोड पुलिस ने खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट एवं अपहरण करने के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
घटना 3 मार्च 2026 की है। प्रार्थी देवेंद्र कुमार मारकंडे अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने खुद को बजरंग दल और पुलिस वाला बताते हुए प्रार्थी व उसके साथियों को डराया-धमकाया और उनके साथ मारपीट भी की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने प्रार्थी का अपहरण कर उसे दुगली की ओर ले गए। रास्ते में उससे 13,800 रुपये नगद और PhonePe के माध्यम से 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह कुल 43,800 रुपये की लूट की गई।
मामले में मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले पुलिस ने ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से 1,000 रुपये समेत करीब 7.58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे विकास आडिल और साहिल अली की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके मेमोरेंडम के आधार पर लूट की रकम में बंटवारे से प्राप्त बची हुई नगद राशि भी बरामद कर जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास आडिल (22 वर्ष), निवासी पाईकभाठा और साहिल अली (23 वर्ष), निवासी पाईकभाठा शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस के अनुसार मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी है।

