गरियाबंद/पाण्डुका। ग्राम अतरमरा में शादी समारोह की खुशियां उस समय अचानक दहशत में बदल गईं, जब बारात स्वागत के दौरान की गई आतिशबाजी से पैरावट में भीषण आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में मौजूद लोग आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, बारात दूल्हे के साथ दुल्हन के घर पहुंच चुकी थी। घराती और बाराती बैंड-बाजे की धुन पर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि एक जलता हुआ पटाखा पास में रखे कोठार के पैरावट में जा गिरा, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही शादी की खुशियां चिंता में बदल गईं। जहां आग लगी थी, वहीं पास में शादी का पंडाल भी लगा हुआ था, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए और स्थिति को संभालने का प्रयास करते रहे।
घटना की जानकारी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोविन्द तिवारी द्वारा तत्काल पाण्डुका थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा जांगड़े को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। करीब आधे घंटे के भीतर पुलिस और दमकल वाहन गांव पहुंच गए, जिसके बाद देर रात लगभग 12 बजे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी कृष्णा जांगड़े एवं उनके स्टाफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। वहीं गांव के युवकों की सूझबूझ और साहस की भी लोगों ने प्रशंसा की, जिन्होंने फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



