धमतरी –जिले के सिहावा और नगरी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच सिहावा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किराना दुकान की पेटी से नकदी चोरी करने के साथ ही मस्जिद और मजार की दान पेटियां तथा मोटरसाइकिल चोरी करने की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक दान पेटी, 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिहावा और नगरी थाना क्षेत्र में चोरी के विभिन्न मामलों में आरोपी छोटू सोनवानी (27 वर्ष), पिता फूलसिंग सोनवानी, निवासी स्कूलपारा सिहावा की तलाश की जा रही थी। उसके विरुद्ध सिहावा थाने में अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 और 79/2026 तथा नगरी थाने में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए सिहावा थाना प्रभारी निरीक्षक चक्रधर बाघ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर सिहावा थाने लाया गया।
किराना दुकान से 19 हजार रुपये चोरी करने का मामला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने 19 जून 2026 को सिहावा के बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान की पेटी में रखे 19 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 26 अगस्त को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी और 7 अक्टूबर को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मस्जिद की दान पेटी से निकाली गई चिल्हर राशि को सिहावा पहाड़ी में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने का मामला भी पूछताछ में सामने आया है।
दान पेटी, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर छिपाकर रखी गई एक दान पेटी, कुल 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को सिहावा थाने में दर्ज चार अपराधों के संबंध में विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मस्जिद और मजार की दान पेटियों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय मुस्लिम समुदाय में नाराजगी थी।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इसमें सिहावा थाना प्रभारी निरीक्षक चक्रधर बाघ, सहायक उपनिरीक्षक दुलाल नाथ, प्रधान आरक्षक श्रवण ध्रुव, आरक्षक हरीश कावड़े, आरक्षक प्रमोद गाहड़े और डीएसएफ आरक्षक का योगदान रहा। धमतरी पुलिस ने कहा है कि चोरी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।