नगरी में प्रशासनिक फेरबदल, एसडीएम प्रीति दुर्गम को जिला स्तर पर नई जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम होंगे नगरी के नए एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ का भी बदला प्रभार

 

 

धमतरी– जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से धमतरी जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा द्वारा अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में नगरी के एसडीएम और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नगरी में एसडीएम के पद पर पदस्थ रहीं प्रीति दुर्गम को जिला स्तर पर विभिन्न शाखाओं और योजनाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी नगरी का संपूर्ण प्रभार दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास धमतरी विमल कुमार साहू को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। वहीं, नगरी जनपद पंचायत के वर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जनमन एवं धरती आबा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संचालन के लिए कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास धमतरी में संलग्न किया गया है।

 

इधर, नगरी की पूर्व एसडीएम प्रीति दुर्गम को जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें वित्त एवं स्थापना शाखा के साथ समाज कल्याण विभाग, खनिज शाखा, आबकारी, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), आदिम जाति कल्याण, पर्यटन, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से संबंधित कार्यों का प्रभार दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण एवं उन्नयन, मुख्यमंत्री घोषणा तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

 

प्रीति दुर्गम को कौशल विकास, जेएसए, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा योजनाओं के साथ कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के लिए भी सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही सूचना प्रबंधन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ई-ऑफिस और वेब से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है।

 

शासन एवं जिला स्तर पर आयोजित बैठकों की तैयारी, आंकड़ों का संकलन और समीक्षा, राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वान, ई-डिस्ट्रिक्ट, सीएससी चॉइस परियोजना एवं लोक सेवा केंद्रों सहित जिले के आईटी से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उनके प्रभार में शामिल है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, आईजीओटी, एचआरएमएस, एबीएएस अटेंडेंस, एनआईसी, अटल पोर्टल, प्रधानमंत्री एवं अन्य पुरस्कारों से संबंधित कार्यों तथा पारस प्रगति पोर्टल और जिला योजना एवं सांख्यिकी से जुड़े दायित्व भी सौंपे गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्यों का निर्वहन भी उन्हें करना होगा।

 

वहीं, डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम को नगरी अनुविभाग का नया एसडीएम नियुक्त करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी नगरी का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त उन्हें नगरी अनुविभाग क्षेत्र के लिए भू-अर्जन अधिकारी, मंडी नगरी तथा लोक न्यास पंजीयक की जिम्मेदारी भी दी गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्य भी उनके दायित्वों में शामिल रहेंगे।

 

प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब नगरी में राजस्व संबंधी कार्यों, जनपद पंचायत के संचालन और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारियां नए सिरे से निर्धारित की गई हैं। इससे स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कामकाज की व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *